कटरा। इकौना तहसील क्षेत्र में खस्ताहाल हो चुकीं 14 से अधिक सड़कों का नवनिर्माण करवाया जाएगा। संतुलित क्षेत्रीय विकास पूर्वांचल निधि योजना के तहत इन सड़कों पर 15 करोड़ से अधिक रुपये खर्च किए जाएंगे। शनिवार को विधायक श्रावस्ती रामफेरन पांडेय ने इनका शिलान्यास किया।
इन सड़कों का कायाकल्प होने से ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विधायक पांडेय ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन सड़कों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण सामग्री से किया जाएगा।
नवनिर्मित होने वाली सड़कों में ग्राम शिवाजोत के मजरा बैजपुर, सोनराई और गहिला संपर्क मार्ग से साईपुरवा संपर्क मार्ग तक की सड़कें शामिल हैं। मनोहरपुर में मटखनवा से गोसाई पुरवा संपर्क मार्ग, मालौना खसियारी से खौरी लौकिहा संपर्क मार्ग और कौवापुर संपर्क मार्ग से धोबहा संपर्क मार्ग भी बनेंगे।
बहराइच-भिनगा मार्ग पर भाकला नदी सेतु से बैभी बैदौरा संपर्क मार्ग, ददौरा की बसावट सिघैया संपर्क मार्ग, नाऊपुरवा संपर्क मार्ग और मैकूपुरवा संपर्क मार्ग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, भदईपुर से लोनियन पुरवा संपर्क मार्ग, हरिहरपुर से सुरजापुरवा संपर्क मार्ग, ग्राम सभा बगही के मजरा कटही संपर्क मार्ग और कटरा लाल फौझी से प्रधानपुरवा संपर्क मार्ग का भी निर्माण किया जाएगा।