श्रावस्ती। संचारी रोग व दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण व त्वरित इलाज के लिए शासन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे में गुरुवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक की।
इसमें रविवार दस से 28 फरवरी तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। डीएम दीपक मीणा ने जल निगम, कृषि विभाग, पशु विभाग, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, आईसीडीएस, पंचायतराज विभाग, क्षय रोग विभाग, नगर पालिका व पंचायत, समाज कल्याण विभाग, सूचना विभाग, सभी सीएचसी व पीएचसी समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को संचारी रोग नियंत्रण के लिए कार्य योजना तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान जन जागरूकता कार्यक्रम के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव व फागिंग भी कराई जाए। सीएमओ, प्रभारी चिकित्साधिकारी, बीडीओ व बीईओ संचारी रोग एवं दिमागी बुखार पर प्रभारी नियंत्रण के लिए अपने अधीनस्थ अधिकारी, कर्मचारी व पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय करें।
10 से 14 फरवरी तक चलेगा फाइलेरिया मुक्त अभियान
श्रावस्ती। जिले में दस से चौदह फरवरी तक फाइलेरिया मुक्त अभियान चलाया जाएगा। इसमें लोगों को जागरूक कर फाइलेरिया की दवा दी जाएगी। इसके लिए डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि सीएमओ जिले के सभी घरों की सूची तैयार कराएं। ताकि घर-घर जाकर परिवार के सभी सदस्यों को फाइलेरिया रोग व उनसे होने वाली परेशानियों तथा उसके बचाव के तरीकों के बारे में बताया जा सके।
सीएमओ डॉ. वीके सिंह ने बताया कि फाइलेरिया की खुराक के लिए डीईसी की खुराक 02 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को नहीं देना है। 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 01 गोली, 6-14 वर्ष के बच्चों को 2 गोली, 15 साल तथा उससे अधिक उम्र के व्यक्तियों को 03 गोली दी जानी है।