बिडौली। गांव आनंदपुर निवासी अभिषेक (22) की ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिये के नीचे कुचले जाने से मौत हो गई। वह ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाने का काम करता था।
गांव आनंदपुर निवासी अभिषेक (22) पुत्र उदयवीर जनपद बागपत के थाना बड़ौत क्षेत्र के गांव कासमपुर बिराल में ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाता था। सोमवार दोपहर वह ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहा था, तभी अचानक ट्रैक्टर के अगले पहिए का स्पिंडल (धुरा) टूट गया। धुरा टूटते ही ट्रैक्टर का अगला हिस्सा जमीन से टकरा गया और पिछला हिस्सा उछल गया। हादसे में अभिषेक ट्रैक्टर से गिर पड़ा और ट्रॉली के पहिए से कुचला गया। गंभीर रूप से घायल युवक को बड़ौत के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन उसे झिंझाना स्थित आयुष्मान अस्पताल ले गए, जहां देर रात करीब दो बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार दोपहर परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। अभिषेक अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके एक छोटा भाई और एक बहन है। परिवार के लोग भट्ठे पर मजदूरी कर ही अपना गुजारा करते हैं। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक छाया हुआ है।