शामली। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने युवक से 8.95 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पहले ट्रेडिंग के नाम पर मुनाफा दिखाया और फिर रकम खाते में वापस भेजने के नाम पर टैक्स व अन्य शुल्क जमा कराने को कहा। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह से शिकायत कर कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव बामनौली निवासी लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन ट्रेडिंग कराने के लिए साइबर ठगों ने उनसे संपर्क किया। इसके बाद 27 अक्तूबर 2026 को यूपीआई के माध्यम से 38,536 रुपये और 29 अक्तूबर को 98 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके अलावा आरटीजीएस के माध्यम से 7,58,649.60 रुपये भी जमा करा लिए गए। इस तरह पीड़ित से कुल 8,95,185.60 रुपये ट्रांसफर कराए गए। पीड़ित के अनुसार शुरुआत में उसे ट्रेडिंग में मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद जब उसने रकम अपने बैंक खाते में भेजने के लिए संपर्क किया तो आरोपियों ने कुल मुनाफे का 30 प्रतिशत टैक्स जमा करने की बात कही। पीड़ित ने रकम से ही टैक्स काटने का अनुरोध किया, लेकिन आरोपियों ने आरटीजीएस के जरिये टैक्स जमा कराने पर ही रकम वापस मिलने की बात कही। इस पर उसे ठगी का संदेह हुआ और उसने आगे रकम देने से इन्कार कर दिया।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बैंक खातों और लेनदेन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।