शामली। जिले के 14 पीएमश्री पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में अब नौनिहाल स्पीकर के माध्यम से कहानी, कविता, गीत और पहेलियां सुनकर सीखेंगे। शिक्षा विभाग ने स्पीकर खरीदने के लिए चयनित विद्यालयों को पांच-पांच हजार रुपये की धनराशि जारी कर दी है। जल्द ही स्पीकर खरीदकर गतिविधियां शुरू कराई जाएंगी।
जनपद में संचालित 14 पीएमश्री विद्यालय और को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों और बाल वाटिकाओं के लिए ब्लूटूथ स्पीकर उपलब्ध कराए जाएंगे। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से तीन से छह वर्ष के बच्चों की गतिविधियों में किया जाएगा।
हर शनिवार मॉडल शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ईसीसीई एजुकेटर स्पीकर के माध्यम से बच्चों को कहानी, कविता, गीत और पहेलियां सुनाएंगे। गतिविधियों के जरिए बच्चों की भाषा, सुनने की क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल विकसित किया जाएगा।
साथ ही उन्हें अपनी भावनाएं व्यक्त करने और आसपास के वातावरण को समझने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
30 वाट का होना जरूरी : शिक्षा विभाग ने स्पीकर की खरीद के लिए तकनीकी मानक भी तय किए हैं। स्पीकर कम से कम 30 वाट क्षमता का होना चाहिए। इसमें ब्लूटूथ 5.3 या उससे अधिक, कम से कम 10 मीटर की कनेक्टिविटी रेंज और डुअल 5.2 या उससे अधिक के ड्राइवर होने जरूरी हैं।
इसके अलावा रिचार्जेबल बैटरी, कम से कम तीन घंटे का बैटरी बैकअप, 2000 एमएएच या अधिक क्षमता, माइक्रोफोन इनपुट तथा वॉल्यूम और प्लेबैक कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी अनिवार्य हैं।