शामली। लिलौन स्थित होली मदरलैंड पब्लिक स्कूल
में शुक्रवार को योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को योग का
महत्व समझाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय योग संस्थान से आए अशोक
कोरियर तथा कुलश्रेष्ठ ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर
किया।
शिविर में प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, कपालभांति, अनुलोम-विलोम आदि
बच्चों को कराया गया। योग संस्थान के जिला कार्यकारिणी के सदस्य ने योग
द्वारा शरीर को निरोगी बनाने के बारे में बताया। रामचरण जी ने योग गीत
प्रस्तुत किया। जिला संगठन मंत्री अशोक कोरियर तथा कुलश्रेष्ठ ने बच्चों के
साथ साथ अध्यापकों को भी योग की जानकारी दी। इस दौरान अनुज कुमार, गौरव,
अजीत, ऋषभ, सतवीर और सुदेश प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
उधर, स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई से संबद्ध संस्था एक्सप्रेशन इंडिया की ओर से शिक्षकों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रधानाचार्या आशु त्यागी ने बताया कि बृहस्पतिवार को पहले दिन सीनियर कंसलटेंट गीतांजलि कुमार ने सीसीई के अंतर्गत लाइफ स्किल्स, एटीट्यूड व अन्य को-स्कॉलास्टिक विषयों पर प्रकाश डाला तथा इनके मूल्यांकन का रिकार्ड तैयार करने के विषय में विस्तार से बताया।
इसी क्रम में शुक्रवार को दूसरे दिन प्रशिक्षिका नीरा चोपड़ा ने बच्चों के मनोविज्ञान विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि क्यों प्रत्येक शिक्षक को एक अच्छे मनोवैज्ञानिक की तरह बच्चों व अभिभावकों की सहायता करनी चाहिए। बच्चे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए हर समय शिक्षकों पर निर्भर रहते हैं।
इसीलिए सभी शिक्षकों को बच्चों की मनोदशा को समझकर उन्हें एक सार्थक दिशा प्रदान करने में मदद करनी चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम से सभी शिक्षक लाभप्रद होंगे। इस अवसर पर डायरेक्टर राजीव गर्ग, कार्यकारिणी अध्यक्ष डाक्टर प्रदीप कुमार त्यागी, शिक्षक नितिन, मुकेश शर्मा, हर्षवर्धन त्यागी, प्रेम संगल, नितिन गर्ग, विवेक बंसल, संजीव कुमार, नरेश कुमार, बी मोहंती, सुखदा मिश्रा, सीमा पुंडीर, कमलदीप वत्स, मीनाक्षी मलिक और पूजा सरोहा मौजूद रहीं।