शामली। पहाड़ों पर बारिश थमने के बाद यमुना में आया उफान भी शांत हो गया है। शुक्रवार सुबह से लेकर शाम तक कैराना में यमुना में पानी चार फुट ओर डाउन हो गया है। पिछले एक माह से यमुना तीन बार उफान पर आई है। दो और 14 जुलाई को उफान पर आई यमुना में एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ दिए जाने से कैराना में यमुना का जलस्तर 230.50 मीटर रिकार्ड किया गया था। तीन दिन पूर्व यमुना में एक लाख 54 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद बृहस्पतिवार रात्रि 9 बजे कैराना में यमुना का जलस्तर 230.20 मीटर रिकार्ड किया गया है। मध्यरात्रि के बाद यमुना का जलस्तर डाउन हो गया।
शुक्रवार सुबह आठ बजे यमुना का जलस्तर 230.20 मीटर से घटकर 229.90 रिकार्ड किया गया। दोपहर दो बजे तक 229.80 मीटर व शाम पांच बजे 229.30 मीटर रह गया है। ड्रेनेज खंड के अधिशासी अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि 14 जुलाई को यमुना में छोड़ा गया पानी 230.50 मीटर पर पहुंचा था। इस बार यमुना का जलस्तर 230.20 मीटर पर अटक कर रह गया। उधर, हथनीकुंड ताजेवाला बैराज पर शुक्रवार दोपहर दो बजे 15 हजार 486 क्यूसेक छोड़ा गया था। शाम चार बजे यहां यमुना का जलस्तर घटकर 7 हजार 212 क्यूसेक दर्ज किया गया है।
यमुना का जलस्तर गिरने के बाद बाढ़ का खतरा बागपत- गाजियाबाद जिले एवं दिल्ली की ओर मंडरा रहा है। कैराना यमुना नदी के पुल पर निरीक्षण करने के बाद डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार को दिन में पहाड़ों पर बारिश होने की जानकारी मिली है। हथनी कुंड से शनिवार को ओर अधिक पानी छोड़े जाने की संभावना है। उन्होंने राजस्व एवं सिंचाई विभाग की टीम को 24 घंटे नजर रखने के निर्देश दिए हैं।