शामली : रविवार को पानी का दबाव कम होने पर कैराना में यमुना नदी का जलस्तर भी घट गया।
- फोटो : SHAMLI
कैराना (शामली)। हथिनीकुंड बैराज पर पानी का दबाव कम होने के चलते यमुना के जलस्तर में 13 सेमी की कमी आई है। यमुना फिलहाल खतरे के निशान से 1.45 मीटर नीचे 230.05 मीटर पर बह रही है।
बुधवार को यमुना में छोडे़ गए 1.60 लाख क्यूसेक पानी के बाद बृहस्पतिवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से एक मीटर नीचे 230.5 मीटर हो गया था। उसके बाद से हथिनीकुंड बैराज पर पानी का दबाव कम होता चला गया। जिसके चलते शनिवार शाम यमुना का जलस्तर घटकर 230.18 मीटर हो गया था। रविवार को यमुना का जलस्तर और नीचे आकर 230.05 मीटर हो गया, जिसके चलते प्रशासन ने राहत की सांस ली। रविवार सुबह आठ बजे हथिनीकुंड बैराज से यमुना में 17 हजार 828 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद सुबह 10 बजे पानी की मात्रा बढ़कर 24 हजार 34 क्यूसेक प्रति सेकेंड हो गई। जो शाम पांच बजे फिर से कम होकर 15 हजार 875 क्यूसेक प्रति सेकेंड हो गई।