भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी के नगीना विधायक चंद्रशेखर आजाद के काफीले पर हमले के विरोध में कलक्ट्
शामली। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले के विरोध में रविवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम न्यायिक श्याम नारायण शुक्ला ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि कुछ दिन पूर्व गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र में विनोद कुमार साहनी निषाद की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी के संस्थापक एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को बाराबंकी के रामनगर में पुलिस ने रोका और उनके काफिले पर हमला किया गया।
इस दौरान प्रभात अनुज भारती ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद गरीब, मजदूर, दलित, मुस्लिम, पिछड़े और शोषित-वंचित समाज की आवाज हैं। उन्होंने कहा कि उनके नेता और संवैधानिक अधिकारों के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान राव मौसम अली, विधानसभा प्रभारी राजकुमार, अंकुश गौतम, सुमित महावत, गौरव कुमार, सतेंद्र झाल, मोहम्मद अली आदि मौजूद रहे।