संवाद न्यूज एजेंसी शामली/ कैराना। कैराना चौक पर हनुमान चालीसा पढ़ने जा रहे हिंदू रक्षा दल और अन्य हिंदू संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस-प्रशासन ने जिले की सीमा से पहले ही बनत कस्बे में रोक लिया। कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। साढ़े तीन घंटे चले हंगामे के बाद हिंदू रक्षा दल के पांच कार्यकर्ताओं ने कैराना क्षेत्र के कंडेला के शिव मंदिर और बाकी ने बनत के हनुमान मंदिर में पुलिस की निगरानी में हनुमान चालीसा पढ़ी। इसके बाद मामला शांत हुआ।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हिंदू संगठन के पदाधिकारी दोपहर एक बजे बनत के एक विवाह मंडप में पहुंचने शुरू हो गए थे। इनमें हिंदू रक्षा दल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा, उत्तराखंड से आए हिंदू संगठन से जुड़े यती परमात्मानंद गिरी, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अमित प्रजापति, जिला सहसचिव भगवान मलिक, हरेंद्र धनेना शामिल थे।
इनके नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता यहां पहुंच गए थे। करीब दो बजे यह लोग कैराना की ओर चले तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने कहा कि वह कैराना के चौक बाजार में हनुमान चालीस जरूर पढ़ेंगे। इस दौरान पुलिस से भी कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हुई। कुछ देर के लिए संगठन के पदाधिकारी बनत में ही पुलिस के सामने धरने पर भी बैठ गए। शाम साढ़े पांच बजे के बाद कैराना की सीमा कंडेला के शिव मंदिर में ही जिला प्रशासन ने पांच कार्यकर्ताओं को हनुमान चालीसा का पाठ करने की अनुमति दी।कंडेला के मंदिर में ललित शर्मा, महेन्द्र अनुपानंदगिरी महाराज जूला अखाड़ा, अमित प्रजापति, अनिल गोस्वामी, यति परमानंद गिरी को पुलिस प्रशासन ने हनुमान चालीसा का पाठ करने की परमिशन दी। जिसके बाद पुलिस की सुरक्षा में सभी को कंडेला के शिव मंदिर ले जाया गया। जहां पर उन्होंने हनुमान चालीसा पाठ किया, जबकि अन्य ने बनत के हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ पढ़ा। इस दौरान पुलिस भी साथ रही। बताया गया कि हिंदू संगठनों के लोगों ने एक दिन पूर्व कैराना चौक पर हनुमान चालीसा पाठ पढ़ने के लिए अनुमति मांगी थी लेकिन एसडीएम ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
n पहले ही छावनी बना दिया था बनत : पुलिस प्रशासन को हिंदू संगठनों के पहुंचने की भनक पहले ही लग गई थी। इसलिए पुलिस प्रशासन ने पहले ही जिले की सीमा पर बनत के पास पुलिस बल तैनात कर दिया था। एसडीएम सदर विनय भदौरिया, सीओ सदर अमरदीप मौर्य , आदर्शमंडी, थानाभवन, बाबरी थाना एवं पीएसी तैनात रही और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्वक रोक दिया गया और बाद में उन्हें समझाबुझाकर मामला निबटाया।