पंचायत चुनाव....
- वर्ष 2021 के ग्राम पंचायत चुनाव में जिले में सात लाख 54 हजार 654 मतदाताओं ने किया था मत का प्रयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है। अगले माह से मतदाता सूची को संशोधित करने का कार्य किया जाएगा। विभिन्न गांवों में संभावित दावेदारों ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। पोस्टरों से लेकर बैनर विभिन्न स्थानों पर लगाए ज रहे हैं।
जनपद में कुल 230 ग्राम पंचायतें हैं। पंचायत चुनाव की आहट के बीच प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। सबसे पहले मतदाता सूचियों को संशोधित किया जाएगा। नए मतदाताओं को जोड़ने, नाम हटाने समेत अन्य कार्य होंगे।
वर्ष 2021 के ग्राम पंचायत के चुनाव में सात लाख 54 हजार 654 मतदाताओं ने 3126 ग्राम पंचायत वार्ड, 464 बीडीसी सदस्य, 19 जिला पंचायत के वार्डाें के लिए 1336 बूथों पर 3500 मतपेटी का प्रयोग किया गया था। एक-एक बूथ पर दो मतपेटी का उपयोग किया गया था। ग्राम पंचायतों का कार्यकाल अगले साल 25 मई 2026 को खत्म हो रहा है। 2026 में होने वाले ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंंचायत और और जिला पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए उपनिर्वाचन आयोग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया कि मतदाता सूची संशोधन का कार्य जल्द शुरू होगा। चुनाव की तैयारियाें को लेकर दिशा निर्देश दिए गए हैं।
- ग्राम पंचायतों में छिड़ा पोस्टरवार
शामली। विभिन्न गांवों में पोस्टरवार छिड़ा हुआ है। चाहे प्रधान पद पर हो या फिर जिला पंचायत सदस्य संभावित दावेदारों ने गांवों में पोस्टर, होर्डिंग्स लगाए दिए हैं। साथ ही लोगों से जनसंपर्क करना शुरू कर दिया है। शादी समारोह से लेकर तेरहवीं तक में संभावित दावेदार शामिल हो रहे हैं।
- 26 मार्च 2021 को हुई थी पंचायत चुनाव की अधिसूचना
पिछला पंचायत चुनाव की अधिसूचना 26 मार्च 2021 में हुई थी। प्रथम चरण का मतदान 15 अप्रैल और दूसरा चरण का मतदान 19 अप्रैल और 26 मई को तीसरा चरण और मतगणना दो मई को हुई थी।