रेलवे ट्रैक पर चला काम, रात भर शहर में लगता रहा जाम
शामली। शहर के बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक पर बुधवार को मरम्मत चलने से शहर के अंदर रात भर जाम के हालात बने रहे। सभी मार्गों पर जाने वाले वाहन शहर के अंदर से निकाले गए। उधर, शहर में पहले से ही गन्ने के वाहनों की कतार लगी थी। लिहाजा रातभर शहर जाम से जूझता रहा। बाद में यातायात विभाग ने करनाल से आने वाला यातायात झिंझाना से डायवर्ट कर व्यवस्था बनाई।
रेल प्रशासन ने बुधवार रात 10 बजे ही बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक पर बैरियर डालकर रास्ता बंद कर दिया था। इसके बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने फाटक के आसपास मरम्मत कार्य शुरू किया। मार्ग बंद होने से मेरठ की ओर से करनाल, पानीपत की ओर जाने वाला भारी और हल्का ट्रैफिक शहर रेलवे फाटक से पहले बाईपास से निकाला गया, जो शहर के अंदर एमएसके रोड, शिव चौक, भिक्की मोड, वीवी इंटर कालेज रोड से होता हुआ करनाल और पानीपत रोड से निकाला गया। इसी तरह पानीपत, करनाल और दिल्ली रोड से आने वाला पूरा ट्रैफिक भी शहर के अंदर से निकाला गया। मेरठ की ओर जाने वाला यातायात फाटक बंद होने की वजह से शहर के अंदर से होकर गुजरा।
रात के वक्त नो एंट्री खुलने से भारी वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। इनमें माल वाहक वाहन अधिक होते हैं। फाटक बंद होने की वजह से शहर के अंदर भारी वाहनों की संख्या बढ़ गई। उधर, शुगर मिल में गन्ना लेकर आए किसानों के गन्ने से भरे वाहन पहले से ही शहर की सड़कों पर खड़े थे। ऐसे में शहर में जाम के हालात बन गए । समस्या बढ़ने पर यातायात विभाग ने करनाल की तरफ से आने वाले वाहनों को झिंझाना में गाड़ी वाला चौराहे पर ही रोक लिया और उन्हें वहीं से कैराना, कांधला होकर दिल्ली सहारनपुर रोड निकाला। मेरठ करनाल मार्ग पर जाने वाले वाहनों को बुढाना रोड की तरफ से भेजा गया। सहारनुर की ओर जाने वाले वाहनों को झिंझाना से ऊन होकर थानाभवन निकालकर सहारनपुर और मुजफ्फरनगर की तरफ भेजा गया। इसके बाद कुछ व्यवस्था बन सकी। सुबह छह बजे काम पूरा होने के बाद फाटक खोला गया इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
कोट
रेलवे ट्रैक पर काम चलने की वजह से फाटक बंद होने से शहर के अंदर से ही वाहनों को निकाला गया। झिंझाना के गाड़ीवाला चौक से वाहनों को डायवर्ट किया गया था। शहर के अंदर गन्ने के वाहनों की वजह से थोड़ी भीड़ बढ़ गई थी. लेकिन व्यवस्था बना ली गई थी।
भंवर सिंह, पुलिस, यातायात निरीक्षक
रोहित अग्रवाल
शामली बुढाना फाटक पर कार्य करते रेलवे कर्मचारी- फोटो : SHAMLI
शामली बुढाना फाटक पर कार्य करते रेलवे कर्मचारी- फोटो : SHAMLI