कैराना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए प्रत्येक जिले में महिला थाने की स्थापना कराई गई है। वहीं महिलाओं को जल्दी और बिना भाग-दौड़ के न्याय दिलाने के लिए कैराना कोतवाली में महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बनाई गई है। सोमवार को महिला दिवस के अवसर पर पुलिस चौकी का उद्घाटन किया जाएगा।
शामली में महिला थाने की स्थापना के बाद शासन के निर्देश पर कैराना कोतवाली में महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी की स्थापना की गई है। महिला पुलिस चौकी के भवन का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। रविवार शाम एएसपी अशोक कुमार सिंह ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस चौकी के भवन का निरीक्षण किया। एएसपी ने बताया कि महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को कैराना में महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का उद्घाटन एसपी सुकीर्ति माधव करेंगे। पीड़ित महिला कैराना में ही अपनी रिपोर्ट दर्ज करा सकेंगी। इसके लिए महिला उप निरीक्षक टीनू चौधरी की तैनाती कर दी गई है।