दुर्घटना में घायल महिला की उपचार के दौरान मौत
कांधला (शामली)। गांव भभीसा के निकट सोमवार को हुई दुर्घटना में घायल महिला की भी उपचार के दौरान मुजफ्फरनगर में मौत हो गई जबकि उसके भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। इस दुर्घटना में दो अन्य युवक भी घायल हुए थे, जिनका उपचार चल रहा है।
सोमवार को पानीपत निवासी 30 वर्षीय कामिल पुत्र इरशाद अपनी बहन प्रवीन (25) के साथ बाइक से मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना जा रहा था। गांव भभीसा के निकट सेंट्रों कार की टक्कर से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि बहन प्रवीन गंभीर रूप से घायल हो गई थी। कार से टकराकर एक अन्य बाइक पर सवार दो युवक प्रशांत व कृष्ण निवासी भभीसा भी घायल हो गए थे। घायल प्रवीन को मुजफ्फरनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल प्रशांत व कृष्ण की भी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में मृतका के पति शहजाद निवासी बुढ़ाना ने कार चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।