महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
शामली, थानाभवन। क्षेत्र के गांव मोरमाजरा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ससुराल वालों ने मायके वालों को फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी दी। जबकि मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
क्षेत्र के गांव मोरमाजरा निवासी अंकित पुत्र श्रीराम का विवाह करीब डेढ़ साल पहले मुंडेट कला निवासी सुरेंद्र की पुत्री अन्नु से हुआ था। उनकी दो माह की बेटी भी है। बृहस्पतिवार रात अन्नु की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ससुराल वालों का कहना है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। उधर महिला के मायके वाले मौके पर पहुंचे और परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया। मृतका के पिता सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में बाइक, 50 हजार रुपये की मांगकर रहे थे। बृहस्पतिवार को उसने फोन करके बताया कि उसका पति व सास-ससुर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह साढ़े तीन बजे अन्नु के ससुर श्रीराम का फोन आया कि उसकी तबीयत खराब है। मायके वाले मोरमाजरा पहुंचे तो अन्नु की मौत हो चुकी थी।
थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस के आने सेे पूर्व मृतका का पति अंकित मौके से फरार हो गया। मृतका के पिता ने पति सहित तीन ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगा तहरीर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।