फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: बंदरों के हमले में महिला की मौत

Sun, 24 May 2026 12:52 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
कांधला के गांव रामपुर खेड़ी में मृतका पिंकेश का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
विज्ञापन
कांधला (शामली)। गांव रामपुर खेड़ी में घर के बाहर गोबर के उपले बना रही महिला पिंकेश (40) पर बंदरों के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में बंदरों को लेकर दहशत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों से निजात दिलाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
विज्ञापन

गांव रामपुर खेड़ी निवासी मिंटू की पत्नी पिंकेश शनिवार दोपहर को अपने घर के बाहर गोबर के उपले बना रही थी। इसी दौरान बंदरों का बड़ा झुंड वहां पहुंचा। बंदरों ने महिला को घेरते हुए हमला कर दिया। बंदरों के हमले से महिला बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और किसी तरह बंदरों को भगाया, लेकिन तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना है और गांव में शोक छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कई बार बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर बंदर हमला कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
मृतका का पति मिंटू ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। बड़ी बेटी रूपा की शादी हो चुकी है, जबकि 16 वर्षीय बेटा अरविंद और 12 वर्षीय बेटा शिवा अभी पढ़ाई कर रहे हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है।
विज्ञापन

बंदराें के हमले से दस दिन में हुई दूसरी मौत
शामली। दस दिन पहले शहर के मोहल्ला काकानगर में अपने घर की तीसरी मंजिल पर गए अंकुर (35) को बंदरों ने घेर लिया था। तीसरी मंजिल से गिरने पर अंकुर की मौत हो गई थी। अब गांव रामपुर खेड़ी में पिंकेश की बंदरों के हमले में मौत हो गई। इससे पहले भी बंदरों के हमले में घायल होने के कई मामले सामने आ चुके हैं।
जिले में बंदरों व कुत्तों से घायल 200 लोगों को लग रही एआरवी
शामली। जिले के सरकारी अस्पतालों में बंदरों व कुत्तों के हमले में घायल होने वाले 200 लोगों को एंटी रेबीज वैक्सीन लग रही है। इनमें नए मरीजों की संख्या 80-90 के आसपास होती है। बाकी लोगों को दूसरी से चौथी डोज वैक्सीन की लगाई जा रही है। नगर निकायों व ग्राम पंचायतों में कुत्तों या बंदरों को पकड़ने की व्यवस्था नहीं है। सड़कों व गलियों में आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं जो आए दिन लोगों पर हमला कर घायल कर रहे हैं। यहीं हाल शहर से लेकर कस्बों व गांवों में बंदरों का बना हुआ है।

कांधला के गांव रामपुर खेड़ी में मृतका पिंकेश का फाइल फोटो। स्रोत परिजन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें