शामली कैराना निवासी प्रेमो का फाइल फोटो ।
कैराना। हरियाणा में मजदूरी करने जा रही 45 वर्षीय महिला प्रेमो की बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी पिंकी घायल हो गई। नेशनल हाईवे की एंबुलेंस से दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से पिंकी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला दरबार खुर्द निवासी जयचंद की कई साल पहले मृत्यु हो चुकी है। परिवार के रामबीर ने बताया कि जयचंद की पत्नी प्रेमो और उसकी 25 वर्षीय बेटी पिंकी बृहस्पतिवार सुबह हरियाणा के सनौली क्षेत्र में मजदूरी करने जा रही थीं। पानीपत रोड पर हरियाणा की ओर टोल प्लाजा से पहले मां-बेटी पैदल सड़क पार कर रही थीं, तभी एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में बाइक सवार भी घायल हुआ है।
नेशनल हाईवे की एंबुलेंस ने घायल मां-बेटी को कैराना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रेमो को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल पिंकी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
मृतका प्रेमो के परिवार में 17 वर्षीय एक बेटा और चार बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। प्रेमो ही परिवार का पालन पोषण कर रही थी।
शामली कैराना निवासी प्रेमो का फाइल फोटो ।
शामली कैराना निवासी प्रेमो का फाइल फोटो ।