थानाभवन। सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खोलने से अनियंत्रित हुई बाइक पर सवार महिला की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मुजफ्फरनगर जनपद के गांव कन्हाहेड़ी निवासी मोहर सिंह अपनी पत्नी कौशल के साथ बाइक से कस्बा थानाभवन में दवा लेने आ रहे थे। चरथावल बस स्टैंड के पास सड़क किनारे खड़ी कार सवार लोगों ने अचानक दरवाजा खोल दिया। इससे पीछे से आ रहे मोहर की बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक पर सवार महिला कौशल सड़क पर गिर गई। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने कौशल को कुचल दिया। हादसे में कौशल की मौके पर ही मौत हो गई। मोहर सिंह ने आरोप लगाया कि कार में सवार लोगों के दरवाजा खोलने से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।