कैराना। सुबह के समय मोहल्ले के डॉक्टर से दवाई लेकर अपने घर वापस आ रही एक महिला की डस्ट से भरे ओवरलोड ट्रक के नीचे आने से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। महिला के परिजनों के लोगों ने हंगामा करते हुए कुछ देर के लिए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया।
सोमवार की सुबह करीब 8 बजे मोहल्ला अफगानान निवासी 55 वर्षीय महिला रामरती मोहल्ले के ही डॉक्टर से दवाई लेकर अपने घर वापस आ रही थी। तभी सड़क किनारे डस्ट से भरे एक ओवरलोड ट्रक से डस्ट उतारा जा रहा था। ट्रक चालक ने लापरवाही से ट्रक को पीछे हटाया तो रामवती के ऊपर ट्रक का पिछला पहिया चढ़ गया। ट्रक के पहिए से कुचलने के कारण महिला की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और चालक को पकड़ लिया।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के परिजनों व आसपास के लोगों ने महिला के शव को सड़क पर रखकर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। लोगों ने बताया कि काफी दिनों से मोहल्ले की सड़कों के आसपास कुछ लोगों द्वारा रोड़ी डस्ट डालकर अतिक्रमण किया जा रहा है। आए दिन बड़े-बड़े ट्रक यहां पर से गुजरते हैं। लोगों ने सड़क किनारे से अतिक्रमण हटवाने और आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई करने व महिला के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की। सूचना पर कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान मौके पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। बाद में पुलिस ने महिला का शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के बेटे मदन की ओर से आरोपी ट्रक ड्राइवर बिलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।