शामली। दीपावली के बाद सर्दी का मौसम शुरू होते ही बाजार भी गर्म और ऊनी कपड़ों को लेकर तैयार हो गया है। दुकानों पर गरम कपड़ों की खरीदारी शुरू हो गई है। सर्दी के शुरूआत में ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए व्यापारी भी उत्साहित हैं।
दीपावली के दिन से ही सर्दी बढ़नी शुरू हो गई है। रोजाना सुबह और शाम को मौसम ठंडा होने लगा है। सर्दी शुरू होने के साथ ही सर्दी वाले कपड़ों से बाजार तैयार हो गए हैं। रेडीमेड से लेकर सिलाई वाले गर्म और ऊनी कपड़ों की डिमांड शुरू हो गई है। दुकानों पर सर्दी वाले कपड़ों को खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ लगनी शुरू हो गई है। ग्राहकों के रुझान को देखते हुए व्यापारी भी अच्छे कारोबार की उम्मीद को लेकर उत्साहित है।
रेडीमेड गारमेंट व्यापारी राहुल बंसल ने बताया कि सर्दी के सीजन के लिए ऊनी जर्सी, जैकेट, पूरी बाजू की टी-शर्ट आई हुई है। युवाओं और बच्चों के लिए सबसे ज्यादा हुड स्टाइल टोपी वाली जर्सी की डिमांड है। लेडीज में ऊनी कुर्ती की बिक्री ज्यादा हो रही है। लेडीज, जैंटस और बच्चों के लिए चेन वाली ऊनी कपड़े की जैकेट ज्यादा पसंद की जा रही है। उधर, रेडीमेड गारमेंट विक्रेता आकाश मलिक ने बताया कि बलेजर की बिक्री शुरू हो गई है। युवाओं में कोट के मुकाबले बलेजर की मांग ज्यादा है।
कैश मिलोन, स्पन और कोटराइज कपड़े की डिमांड
कपड़ा व्यापारी अंकित बंसल ने बताया कि अभी प्री विंटर सीजन के लिए गर्म कपड़ों को ग्राहक खरीद रहे है। महिलाएं सिलाई वाले गर्म कपड़े खरीद रही है। इन कपड़ों में कैश मिलोन, स्पन और कोटराइज के कपड़े सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इनमें शॉल के साथ लेडीज सूट 800 रुपये से लेकर 1200 रुपये तक उपलब्ध है, जबकि बना शॉल के लेडीज सूट 300 से लेकर 500 रुपये तक कीमत के है।
महिलाओं को पसमीना शॉल और स्टाल पसंद
इस बार महिलाओं को पसमीना शॉल और स्टाल ज्यादा पसंद किए जा रहे है। कपड़ा विक्रेता योगेश कुमार ने बताया कि पसमीना शॉल और स्टॉल एक हजार से लेकर तीन हजार रुपये तक कीमत के बाजार में उपलब्ध है। इस शॉल का कपड़ा हल्का, मुलायम और गर्म होता है। इसके साथ ही ऊनी कपड़े में कुर्ती, लैगी और पलाजो की भी मांग है।