कांधला । खंड विकास कार्यालय में ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के चुनाव की मतगणना करने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया गया ।
खंड विकास क्षेत्र के 33 ग्राम पंचायतों में क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम पंचायत सदस्यों को लेकर पूर्व में चुनाव हो चुका था। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार क्षेत्र के गांव जसाला, भभीसा व इस्सोपुरटील में 47 ग्राम पंचायत सदस्यों व इस्सोपुरटील व डुन्डूखेड़ा में 6 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पद खाली थे। जिसमें खंड विकास की ग्राम पंचायतों में पुन: मतदान से पूर्व 47 में से 36 ग्राम पंचायत सदस्यों को निर्विरोध चुन लिया गया।
वहीं ग्राम पंचायत डूंडूखेड़ा व इस्सोपुरटील में 6 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पदों में से 3 सदस्यों को निर्विरोध चुना गया, जबकि 3 सीटों पर चुनाव हुआ था। मंगलवार को खंड विकास कार्यालय में ग्राम जसाला, इस्सोपुरटील व भभीसा के 11 ग्राम पंचायत सदस्यों के मतपत्रों की मतगणना करने के बाद परिणाम घोषित किया गया।
आर ओ विष्णु प्रकाश ने बताया कि पंचायत इस्सोपुरटील के दो क्षेत्र पंचायत सदस्यों प्रेम व दिनेश व एक क्षेत्र पंचायत सदस्य डुन्डूखेडा से प्रताप को विजय घोषित किया गया। आरओ विष्णु प्रकाश ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिया गया।
कैराना में मंगलवार की सुबह 9 बजे कैराना विकास खंड कार्यालय में लगायी गई तीन टेबिलों पर मतगणना शुरू की गई। दोपहर 12 बजे तक सभी वार्डों के मतगणना परिणाम घोषित कर दिए गये। एआरओ जगपाल त्यागी ने बताया वार्ड नंबर एक मुंडेट कला बीडीसी पद पर संगीता रानी ने 394 मत प्राप्त करके राखी 127 को हराया।
ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर झाडखेड़ी से प्रीति, मुन्नी देवी, नरेशपाल व ग्राम गन्दराऊ से सन्नो, जनाब अली तथा ग्राम कंडेला से मोनिका देवी, मीना, कलम सिंह, अंजु व मुकेश कुमार विजयी हुए। ग्राम पंचायत की 53 सदस्य सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ तथा एक सीट प्रत्याशी नहीं होने के कारण रिक्त रही।