शामली । कांग्रेस विधायक पंकज मलिक ने विधानसभा सत्र के दौरान शामली और मुजफ्फरनगर के किसानों का चीनी मिलों पर बकाया गन्ना भुगतान और गन्ना मूल्य को लेकर आवाज उठाई।
विधायक ने सदन में कहा कि शामली और मुजफ्फरनगर का किसान बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने की वजह से बेहद परेशान है। कहा कि पिछले सत्र का बकाया भुगतान हुआ नहीं और इस सत्र में भी करोड़ों रुपये मिल मालिकों पर बकाया हो गए हैं।
शामली शुगर मिल पर 91 करोड़, ऊन शुगर मिल पर 41 और थाना भवन शुगर मिल 85 करोड़ तथा तितावी शुगर मिल पर करीब 100 करोड़ रुपये किसानों का बकाया है। इसके जवाब में केबिनेट मंत्री मो.आजम खां ने कहा कि इस सत्र का भुगतान भी शीघ्र कराया जाएगा।
उधर, नियम 301 के तहत विधायक ने कहा कि प्रदेश में गुड़ एवं शक्कर पर ढाई प्रतिशत मंडी शुल्क लिया जा रहा है, जिसे घटाकर एक प्रतिशत किया जाना व्यापारी और किसानों के हित में आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों में यह शुल्क यूपी से कम है। हरियाणा में एक प्रतिशत तथा पंजाब में शून्य है।