शामली। जिला आर्य उपप्रतिनिधि सभा ने कलक्ट्रेट में एसडीएम सदर को ज्ञापन देकर प्रदेश में पूर्ण रूप से शराबबंदी लागू करने की मांग की है।
शनिवार को आर्य समाज और जिला आर्य उपप्रतिनिधि सभा के प्रधान रघुवीर आर्य, मंत्री डॉक्टर रविंद्र कुमार के संयुक्त नेतृत्व में सभा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में एसडीएम सदर महेंद्र प्रसाद को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर उत्तर प्रदेश में शराब बंदी लागू करने की मांग की है।
ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि शराब एक सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति- समाज को आर्थिक रूप से कमजोर करती है। शराब से महिलाओं के साथ अपराध एवं यातनाएं और परिवार में विवाद बढ़ रहे हैं, जिससे उनमें असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। शराब पीने से सड़क दुर्घटनाएं, कैंसर जैसी भयकर बीमारियों के कारण लोगों के सेहत पर प्रभाव पड़ रहा है।
एसडीएम सदर को ज्ञापन देने वालों में आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान रघुवीर आर्य, मंत्री रविंद्र कुमार, गठवाला खाप के थांबेदार चौधरी श्याम सिंह, ज्ञानेंद्र मलिक, दिनेश धीमान समेत महिला आर्यसमाज से जुड़ी महिलाएं शामिल रही।