सीएए का शांतिपूवर्क विरोध करेंगे : मौलाना आकिल
कैराना। जमीयत उलमा-ए-हिंद की बैठक में नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी का विरोध करने का निर्णय लिया गया। बैठक में लोगों से मशविरा कर शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करने की अपील की गई।
मायापुर रोड स्थित अहसनुल उलूम मदरसे में जमीयत उलमा -ए-हिंद की बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मौलाना आकिल ने कहा कि जमीयत हमेशा मुल्क की सलामती के लिए काम करेगी। मौजूदा सरकार पुलिस की ताकत से किसी की आवाज को दबा नहीं सकती। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को आगे चलकर किसी के खिलाफ इस्तेमाल नहीं किया जाएगा इसकी क्या गारंटी है। अगर कोई दूसरे देश में परेशान है, वह हमारे देश में आए तो उसे नागरिकता दे, हमें कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन जब खास एक तबके को कानून से बाहर निकाला जाता है, इसी शब्द पर एतराज है। मुल्क के खिलाफ किसी भी आवाज का विरोध जमीयत उलमा-ए-हिंद डटकर करेगी। नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने के लिए सबसे पहले प्रशासन से परमिशन लेने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने लोगों से कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ टकराव पैदा नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने के लिए एक दिन कैराना की ईदगाह के मैदान में प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा या फिर गिरफ्तारियां दी जाएगी। इस दौरान ऊन तहसील सदर मौलाना सैयद अतहर हसन, मौलाना तहसीन जनरल सेक्रेटरी शामली, मुफ्ती शाहिद, मौलाना ताहिर, मौलाना सनव्वर, मौलाना वाजिद, मौलाना वासिल जनरल सेक्रेटरी ऊन तहसील, मौलाना खुर्शीद उपाध्यक्ष शामली, मौलाना अनीस, हाफिज अय्यूब, कारी इरशाद, मौलाना जाबिर, मौलाना इमरान, मौलाना मरगूब आदि मौजूद रहे।
पुलिस व खुफिया विभाग ने ली जानकारी
कोतवाली के सामने मदरसे में जमीयत उलमा-ए-हिंद की बैठक में कोतवाली के कई दरोगा व पुलिसकर्मी मदरसे के अंदर पहुंचे तथा मौलान आकिल से बात की। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल द्वारा मौलाना आकिल से सीओ प्रदीप सिंह की बात कराई। मौलाना ने कहा कि हम लोग कोई जलसा नहीं कर रहे हैं। ये तो जमीयत के पदाधिकारियों की बैठक मदरसे के अंदर चल रही है। इसमें आगामी दिनों में सीएए का विरोध करने की रणनीति पर चर्चा कर लोगों से राय ली जा रही है। इस दौरान खुफिया विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।