शामली। लंबी प्रतीक्षा के बाद जिले के तीसरे हाईवे मेरठ-करनाल फोरलेन का चौड़ीकरण कार्य शुरू हो गया है। गुजरात के अहमदाबाद की डीआर निर्माण एजेंसी ने टपराना के पास सड़क की उत्तरी दिशा की ओर जेबीसी चलाकर सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है।
जिले में दिल्ली-शामली-सहारनपुर, पानीपत-खटीमा और मेरठ-करनाल हाईवे से गुजर रहे हैं। वर्ष 2015 में 85 किमी लंबाई के 17 मीटर चौड़े मेरठ-करनाल फोरलेन का निर्माण लोनिवि ने किया था। वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार ने जिले के सभी हाईवे को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण नई दिल्ली को हस्तांतरित कर दिए गए थे। प्राधिकरण की बागपत इकाई की ओर से मेेरठ-करनाल फोरलेन के चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव बनाकर सरकार के केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण नई दिल्ली को भेजा गया था।
दो साल पूर्व मेरठ-करनाल हाईवे का चौड़ीकरण स्वीकृत कर लिया गया था। एडीएम वित्त अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि मेरठ-करनाल हाईवे का चौड़ीकरण के निर्माण के लिए गुजरात की डीआर कंपनी को अनुबंध कर दिया गया है। जनवरी माह में इस हाईवे के निर्माण के लिए अवार्ड घोषित किया जा चुका है।
फरवरी माह में निर्माण एजेंसी की ओर से हाईवे की उत्तरी साइड की सड़क का चौड़ीकरण करने के लिए जेसीबी चलाकर कार्य शुरू कर दिया गया है। अगले दो साल में हाईवे और शामली बाईपास का निर्माण कार्य पूरा कर देगी।