परिवहन विभाग द्वारा शुरू की गई व्हाट्सएप चैट बोट सेवा। वीडियोग्रैब
- फोटो : kathua
शामली। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना हो या वाहन का रजिस्ट्रेशन कराना। परमिट, वाहन की फिटनेस संबंधी परिवहन विभाग से संबंधित किसी भी सेवा की जानकारी अब घर बैठे व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 8005441222 पर आसानी से ली जा सकेगी। परिवहन विभाग ने व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर जारी करते हुए लोगों से सेवा का लाभ लेने की अपील की है। 24 घंटे सुविधा उपलब्ध होगी।
अभी तक ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों के रजिस्ट्रेशन आदि की जानकारी लेने के लिए एआरटीओ कार्यालय जाना पड़ता है लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। एआरटीओ रोहित राजपूत ने बताया कि प्रदेश के परिवहन आयुक्त के निर्देश पर लोगों के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू की है। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। परिवहन से संबंधित सेवाएं और जानकारी सीधे मोबाइल फोन पर मिलेंगी। उपयोगकर्ता समस्या होने पर शिकायत भी कर सकेंगे और समाधान की सूचना भी दी जाएगी। जिन अधिकारियों को कोई भी नोटिस जारी होगा उसकी भी जानकारी मिल सकेगी। व्हाट्सएप पर मैसेज डालते ही दो सेकेंड में मिलेगा जवाब : एआरटीओ के अनुसार, सेवा 24 घंटे सातों दिन उपलब्ध रहेगी। वाहन और सारथी सेवाओं का प्रत्यक्ष एकीकरण, जिनके माध्यम से वाहन पंजीकरण से संबंधित जानकारी, ड्राइविंग लाइसेंस सेवाएं और आवेदन की स्थिति की ट्रैकिंग भी हो सकेगी। चालान से संबंधित जानकारी भी तत्काल मिल सकेगी, जिनमें कारण, भुगतान लिंक और कानूनी प्रावधान क्या है को जान सकेंगे। व्हाट्सएप पर मैसेज डालते ही दो सेकेंड के अंदर ही जवाब मिलेगा।