शामली। दिवाली के बाद अब शादी-विवाह के सीजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ ही मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।
नवंबर और दिसंबर में कई शुभ मुहूर्त होने के कारण इस बार सहालग में बाजारों में रौनक बढ़ने की उम्मीद है। शादी वाले परिवारों ने होटल, बैंक्वेट हॉल, मैरिज होम, टेंट और कैटरिंग की बुकिंग करानी शुरू कर दी है। कारोबारियों को सहालग से करोड़ों रुपये के कारोबार की उम्मीद है। बीस नवंबर को 300 से अधिक शादियों की बुकिंग अभी तक हो चुकी है।
शहर के दिल्ली रोड, मुजफ्फरनगर रोड, बुढ़ाना रोड और कैराना रोड स्थित मैरिज होम और बैंक्वेट हॉल में बुकिंग का सिलसिला तेज हो गया है। टेंट, लाइटिंग, फूलों की सजावट और कैटरिंग संचालकों के पास भी ऑर्डर पहुंचने लगे हैं। वहीं, शादी वाले परिवार कपड़े, गहने, बर्तन, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी में जुट गए हैं।
कपड़ा और सराफा बाजार को मिलेगी रफ्तार
सहालग शुरू होने से कपड़ा कारोबारियों को लहंगे, साड़ी, सूट और शेरवानी की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की मांग बढ़ने के आसार हैं। सराफ मनोज सिंघल का कहना है कि शादी के सीजन के लिए लगातार बिक्री बढ़ रही है। इस बार अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
टेंट और कैटरिंग कारोबारियों को बड़े ऑर्डर
शादी समारोहों के लिए आकर्षक पंडाल, सजावट और लाइटिंग की मांग बढ़ रही है। कैटरिंग संचालक भी मेहमानों की संख्या के हिसाब से मेन्यू तैयार करने में जुटे हैं। बैंड-बाजा, डीजे, घोड़ी और फूलों की सजावट करने वाले कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कैटरिंग संचालक मनोज, बलबीर के अनुसार, अब तक बीस नवंबर को ही 70 ऑर्डर मिल चुके हैं।
नवंबर-दिसंबर में इन तारीखों पर शादियां
हनुमान धाम के प्रधान सलिल द्विवेदी के अनुसार देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को है। इसके बाद नवंबर में 21, 24, 25, 26 और 30 नवंबर को विवाह के मुहूर्त बताए गए हैं। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को भी शादियां होंगी।