फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हम गरीब हैं, कौन सुनता है हमारी

Sun, 17 Apr 2016 12:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शामली
विज्ञापन
fire - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
जलालाबाद। अग्निकांड के पीड़ित परिवार की मुखिया विद्या देवी का बीपीएल कार्ड और विधवा पेंशन तीन साल पूर्व बंद कर दी गई थी। पीड़ित परिवार बार बार अधिकारियों से गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। अब अधिकारी कह रहे हैं कि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाई जाएगी।
विज्ञापन


जलालाबाद के मोहल्ला शाहगाजीपुरा में शुक्रवार को छप्पर में आग लगने से तीन बच्चों और महिला की मौत हो गई थी। इस परिवार की मुखिया विद्या देवी है, जो विधवा है। उसका बीपीएल कार्ड 2012 में पूर्ति विभाग ने निरस्त कर दिया था। 2013 में उसको मिलने वाली विधवा पेंशन भी बंद कर दी गई थी।

पूर्ति निरीक्षक कंवर पाल सिंह ने बताया कि 2012 में सर्वे के दौरान उक्त परिवार मौके पर नहीं मिला, जिसके चलते विद्या का बीपीएल कार्ड निरस्त किया गया था। अगर पीड़ित परिवार अब राशन कार्ड के लिए आवेदन करता है तो प्राथमिकता के आधार पर उनका कार्ड बनवाया जाएगा। वहीं, पीड़ित परिवार ने बताया कि वह रोजगार की तलाश में कोल्हू आदि पर जाते रहते हैं। उनके परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में भी शामिल हैं। 
विज्ञापन


उन्होंने कई बार राशन कार्ड और पेंशन दिलवाने की मांग की, लेकिन किसी भी अधिकारी ने समाधान नहीं किया। बीते करीब आठ माह से राशन कार्ड बनवाने के लिए सब जगह प्रयास किया परंतु किसी ने मदद नहीं की। विभाग द्वारा राशन कार्ड निरस्त करने में जो थ्योरी बताई गई वह इसलिए सवाल खड़ा करती है कि कस्बे में ऐसे बहुत से परिवार है जो नौकरी व अन्य कार्यों से बाहर रह रहे हैं परंतु उनके राशन कार्ड अब भी बने हैं। इतना ही नहीं जांच में मृतकों के नाम पर ही राशन कार्ड बनने का खुलासा भी हो चुका है। 

सांसद ने दिया मदद का भरोसा 
जलालाबाद। छप्पर में आग लगने से तीन बच्चों और महिला की मौत के बाद शनिवार को भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने जलालाबाद पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

शनिवार को सांसद हुकुम सिंह, रामजी लाल कश्यप, डॉक्टर मुकेश शास्त्री, नरेश शर्मा, बोबी शर्मा, जीवन लाल कश्यप, दीपक सैनी, सुनील पाल, डॉक्टर सुभाष पाल आदि जलालाबाद में पीड़ित परिवार के यहां पहुंचे। परिवार के लोगों ने सांसद को अपनी पीड़ा सुनाई और कहा कि प्रशासनिक स्तर पर उनकी अनदेखी की गई। सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार को वह प्राथमिकता के आधार पर हरसंभव मदद दिलाएंगे। 

कांशीराम आवास लेने से किया इंकार 
जलालाबाद में अग्निकांड में तबाह हुए गरीब परिवार की सुध लेने शनिवार को कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। नगर पंचायत के उस प्रस्ताव को भी पीड़ित परिवार ने स्वीकार करने से मना कर दिया जिसमें उन्हें कांशीराम कालोनी में आवास दिलाने की बात कही गई थी। परिवार का कहना है कि हमारी जो जमीन है उस पर ही गुजारा कर लेंगे उसी पर ही आवास बनाने के लिए सरकार से जो मदद मिलेगी वही स्वीकार करेंगे। वहीं एसडीएम श्याम अवध चौहान का कहना है कि उन्होंने पीडित परिवार की मदद के लिए शासन को रिपोर्ट भेज दी है।

मृतकों को दी श्रद्धांजलि 
जलालाबाद। अग्निकांड में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत पर कस्बा जलालाबाद के लोगों में गम का माहौल है। शनिवार को कस्बा के मेन बाजार में सभा करके मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही जिलाधिकारी से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, कृषि भूमि पट्टा तथा आवास दिलवाया जाए। मौके पर बृजभूषण, आदेश, शावेज खान, सोनू शर्मा, राजेश, सुशील जैन, रविंद्र शर्मा, सचिन, काजी तारिक, नसीम राही, शमी खान, राजेंद्र भगत, अवनीश आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें