शामली। जिला अस्पताल में सड़क हादसे में मारी गई महिला के कानों से सोने के कुंडल चोरी कर मानवता को शर्मसार करने वाले आउटसोर्सिंग पर नियुक्त वार्ड बाॅय विजय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अस्पताल के पास से सोने का कुंडल बरामद किया है।
शनिवार सुबह बाबरी थानाक्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा में मायके में आई 23 वर्षीय श्वेता अपने भाई सौरभ के साथ बाइक से मेरठ जा रही थी। भाजू नहर चौराहा पर प्राइवेट बस की टक्कर लगने से श्वेता बाइक से उछलकर सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गई थी। महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस जब पोस्टमार्टम के लिए पंचनामा भरने की कार्रवाई कर रही थी, उसी समय परिजनों ने महिला के कानों से कुंडल गुम मिलने पर हंगामा कर दिया था। इसके बाद तलाशी के दौरान एक कुंडल इमरजेंसी कक्ष में बैड के निकट से फर्श पर पड़ा मिला था।
मृतका के पति सचिन निवासी गांव जामुना थाना अतरौली जिला अलीगढ़ की तरफ से जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा को कुंडल चोरी होने की लिखित शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। सीएमएस ने पुलिस को जांच कर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी थी। देर रात में आदर्श मंडी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की तो उसमें वार्ड बाॅय विजय निवासी गांव ओदरी थाना झिंझाना शक के दायरे में आ गया। पूछताछ के बाद मामला खुल गया।