कैराना। हरियाणा में हथियार तस्करी के आरोप में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। बाद में सूचना पर पहुंची हरियाणा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।
शनिवार शाम कैराना पुलिस ने गांव तीतरवाड़ा से हथियार तस्करी के आरोपी मुस्तफा को पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी यने बताया कि आरोपी से पूछताछ करने पर पता चला आरोपी हरियाणा राज्य में बदमाशों को हथियार सप्लाई करने में शामिल रहा है और पानीपत पुलिस का वांछित आरोपी है। कैराना पुलिस ने पानीपत की सीआईए टीम को उसके पकड़े जाने सूचना दी। रविवार को सेक्टर 13/17 थाना पानीपत के सीआईए टीम के एएसआई बलबीर सिंह पुलिस टीम के साथ कैराना कोतवाली पहुंचे। एसआई ने बताया कि उन्होंने पिछले माह पुलिस मुठभेड़ के दौरान हरियाणा के जींद निवासी एक लाख रुपये के दो इनामी बदमाश मकाले व पंकज को गिरफ्तार किया था। उन्होंने पूछताछ करने पर बताया था कि उन्होंने तमंचे गांव तीतरवाड़ा निवासी मुस्तफा से खरीदे थे। इसके अलावा एक अन्य बदमाश को मुस्तफा ने एक दिन पूर्व फोन पर तमंचे देने का वादा किया था। इसकी कॉल रिकॉर्डिंग भी उनके पास है। हरियाणा पुलिस अवैध हथियार तस्करी के आरोपी मुस्तफा को अपने साथ ले गई।