पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए गांवों में जगह-जगह छात्र-छात्राओं ने तिरंगा रैली निकाली। हनुमान चौक पर पाकिस्तान का पुतला फूंका गया और कस्बे का बाजार तीन घंटे बंद रखा गया।
जिले के शहीद प्रदीप और अमित कुमार को चौसाना के हनुमान चौक पर मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान दो मिनट का मौन भी रखा गया। बाद में ग्रामीणों ने एक विशाल तिरंगे के साथ रैली निकालकर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। हनुमान चौक पर वापस पहुंचकर पाकिस्तान का पुतला फूंका। गढ़ी हसनपुर के गोल्डन फ्यूचर जूनियर हाईस्कूल व पठानपुरा सहित अन्य स्कूलों ने भी तिरंगा रैली निकालकर गुस्सा जताया। इसके अलावा व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष अजेश कुमार सहित अन्य सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और अपने अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य पंजाब सिंह, अजेश मित्तल, मुकेश सिंघल, कवंरपाल शर्मा, भूरा, आयुष, राहुल शर्मा, विशाल भार्गव, सुनील गौतम, रुपेश, अर्चित, तेजस्वी, मयंक सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। उधर, सुंदर नगर के गुरु गोविंद सिंह स्कूल में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को मोमबत्ती जलाकर और फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर जिला पंचायत सदस्य सरदार पंजाब सिंह, प्रधानाचार्य अनिल कुमार, स्वाति, प्रियंका, गुरबाज आदि मौजूद रहे।