शामली में रैली निकालते आरके डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राएं।
- फोटो : SHAMLI
शामली। आरके पीजी कालेज शामली में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वितीय इकाई के सात दिवसीय शिविर के दूसरे दिन स्वयं सेवकों द्वारा मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अधिकारी सौरभ कुमार पांडे ने मां सरस्वती और महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। स्वयं सेविकाओं द्वारा लक्ष्यगीत व सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। शिविर के प्रथम सत्र में स्वयं सेवकों और स्वयं सेविकाओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकली, जो शहर के विभिन्न स्थानों को होकर कालेज पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। शिविर के दूसरे सत्र में प्रोफेसर आरपी सिंह ने छात्र-छात्राओं को खान-पान और स्वास्थ्य के बारे में जागरूक किया। शिविर के अंतिम चरण में स्वयं सेवकों और स्वयं सेविकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मौके पर डॉ. चंद्रबली पटेल, डा. मांगेराम सैनी, लोकेंद्र कुमार और सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
शामली। जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहावड़ी के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालय में राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और युवा वर्ग की शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक उन्नति के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लीडर ट्रेनर मांगा सिंह व उनके सहायक नदीम मलिक ने छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में विद्यालय के अध्यापक-अध्यापिकाएं और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, बौद्धिक, सामाजिक और आध्यात्मिक अंत शक्तियों का निर्माण करना है।