शामली । आरके पीजी कॉलेज के तृतीय शाखा के एनएसएस शिविर में स्वयंसेवकों ने शिक्षा दान करने और साक्षरता की अलख जगाने का संकल्प लिया।
करनाल रोड स्थित प्राकृतिक चिकित्सालय में चल रहे शिविर में बुधवार को कार्यक्रम के प्रथम चरण में सभी स्वयंसेवकों ने वन संरक्षण विषय पर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रैली निकाली।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज बालियान ने वन के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में डॉ. विनय आर्य तथा क्रांति कुमार ने देश सेवा के लिए स्वयंसेवकों को प्रेरित किया। बताया कि राष्ट्र धर्म ही हमारा सबसे बड़ा धर्म है और देश सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है।
अंतिम चरण में डॉ. उमर सैफ ने समझाया कि यदि हम योजना बनाकर कार्य करें, तो अच्छे परिणाम सामने आते हैं। धन कमाने के साथ साथ अपने समय को हम देश सेवा के लिए भी इस्तेमाल करें। वेद और पुराण में भी जीवन को व्यवस्थित रखने के लिए समझाया गया है।