कैराना। दहेज उत्पीड़न के मामले में कोर्ट में बयान देने आई विवाहिता और उसकी मां के साथ आरोपी पक्ष ने कचहरी गेट पर मारपीट कर दी और विवाहिता को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की गई।
कांधला के मोहल्ला रायजादगान निवासी ममता की शादी 13 साल पूर्व शाहदरा के गोकलपुरी निवासी उपेंद्र के साथ हुई थी।
दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता का उत्पीड़न किया, जिसके चलते विवाहिता ने आरोपी ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को ममता अपनी मां के साथ उसी मामले में बयान दर्ज कराने के लिए कैराना कचहरी में आ रही थी। कचहरी गेट पर पति उपेंद्र और जेठ सतेंद्र ने ममता, उसकी मां के साथ मारपीट कर दी।
इतना ही नहीं ममता को अगवा करके ले जाने की कोशिश करने लगे। ममता ने शोर मचाया, तो मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। पति उपेंद्र और उसके भाई सतेंद्र को पकड़ लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को थाने ले गई।