शामली। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिला महासचिव कलीम हसन के विवादित वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। मामले को लेकर नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। जिलाध्यक्ष ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेज दी है, जबकि थानाभवन विधानसभा सीट से संभावित दावेदार वतन सिंह सैनी ने जल्द पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है।
पांच दिन पहले सपा के जिला महासचिव बनाए गए कैराना निवासी कलीम हसन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में वह एक वर्ग विशेष को लेकर टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। साथ ही पार्टी कार्यालय, संगठन और सपा नेता वतन सिंह सैनी के संबंध में भी बयान दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में कलीम हसन कह रहे हैं कि पार्टी कार्यालय उनका है और वहां किसे बुलाना है तथा किसे प्रवेश देना है, इसका निर्णय वही करेंगे। वीडियो में वह दावा कर रहे हैं कि जिलाध्यक्ष उनके साथ हैं और उनकी जानकारी के बिना किसी को निमंत्रण नहीं दिया जाएगा। थानाभवन विधानसभा सीट से संभावित प्रत्याशी एवं पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वतन सिंह सैनी ने कहा कि कलीम हसन ने किसके इशारे पर इस तरह की बयानबाजी की है, इसका जल्द खुलासा किया जाएगा।
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे समय में पार्टी नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर सार्वजनिक टिप्पणी करना संगठन के हित में नहीं है। इससे पार्टी कमजोर होगी और राजनीतिक विरोधियों को इसका लाभ मिल सकता है। उन्होंने सभी नेताओं से संयम बरतने की अपील की।
सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र ताना ने बताया कि विवादित वीडियो की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेज दी गई है। कलीम हसन समेत संबंधित लोगों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई हाईकमान के निर्देश के अनुसार की जाएगी।
वहीं, कलीम हसन ने वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए कहा कि वह पारिवारिक विषय पर बातचीत कर रहे थे। किसी ने उनकी वीडियो को तोड़-मरोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति या समुदाय के लिए अपशब्दों का प्रयोग नहीं किया है और वीडियो का गलत अर्थ निकाला जा रहा है।