शामली। तहसील शामली के गांव सिक्का के मजरा गोमतीपुर में विद्युत विभाग की अनदेखी से लोग परेशान हैं। आए दिन गांव में लगा ट्रांसफार्मर फुंक जाता है, तो विद्युत लाइनें जर्जर हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।
मंगलवार को गोमतीपुर के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने बताया कि गांव में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर आए दिन खराब रहता है तथा विद्युत लाइनें भी जर्जर हैं। कई बार जर्जर विद्युत लाइनें टूटकर गिर गईं। उन्होंने बताया कि अगले महीने बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। विद्युत आपूर्ति सुचारु न होने की वजह से परीक्षार्थियों को परीक्षा की तैयारी करने में कठिनाई हो रही है।
पूर्व में भी इस संबंध में कई बार विद्युत अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों की मांग है कि गांव में नया ट्रांसफार्मर लगवाया जाए तथा विद्युत लाइनें नई खिंचवाई जाएं।
एसडीएम एमपी सिंह ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गंगाराम, किरणपाल, मंजू, निशा, आकाश, दीपक कुमार, मोना देवी, अजय, सुमन, काला कुमार, संदीप कुमार, पिन्टू कुमार, कृष्णपाल, लवकुश, सुमित, अतर सिंह, सुजीत कुमार, सोनू कुमार, सुनील, अंकित कुमार मौजूद रहे।