चौसाना में ग्रामीणों के विरोध के चलते वापस जाती खोखरी नदी की खुदाई के लिए आयी जेसीबी मशीन
- फोटो : SHAMLI
ग्रामीणों ने खोखरी नदी की खोदाई रुकवाई
चौसाना (शामली)। लखनौती से शुरू होकर केरटू में यमुना नदी में मिलने वाली खोखरी नदी के जीर्णोद्धार के खोदाई का कार्य करने पहुंचे कर्मचारियों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध के चलते कर्मचारियों को जेसीबी लेकर लौटना पड़ा। इसके चलते खोखरी नदी की खोदाई का काम फिर से शुरू नहीं हो सका।
सहारनपुर के लखनौती कस्बे से शुरू होने वाली खोखरी नदी चौसाना से गुजरकर कमालपुर केरटू में यमुना नदी में मिल जाती है। ग्रामीण मुकेश, राजेश, संदीप, रूपेश बताते हैं कि खोखरी नदी में जब तक पानी रहा, क्षेत्र का भूजल स्तर कभी कम नहीं हुआ। दशकों से खोखरी नदी पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसके चलते नदी में पानी नहीं आता और भूजल स्तर में भी गिरावट आई। कुछ समाजसेवियों ने खोखरी नदी के जीर्णोद्धार की आवाज उठाई। मामले की जांच कराई गई तो नदी पर कब्जे की शिकायत सही पाई गई, लेकिन नदी की जमीन पर किए गए कब्जे को हटवाया नहीं जा सका।
चौसाना में कुछ कब्जाधारियों का दावा है कि जिस जगह पर खोखरी नदी की खोदाई की जा रही है, उस जगह पर पंचायत ने उन्हें पट्टे आवंटित किए हैं। रविवार को कुछ कर्मचारी जेसीबी लेकर नदी की खोदाई के लिए मौके पर पहुंचे। इसका पता लगते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने नदी की खोदाई नहीं करने दी। इस पर कर्मचारी जेसीबी लेकर लौट गए। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों के साथ पुलिस और राजस्व का कोई अधिकारी नहीं था। राजस्व लेखपाल अमरपाल सिंह ने बताया कि नदी में किसी भी प्रकार के पट्टों का आवंटन नहीं किया जाता। ड्रेनेज विभाग के निर्देश पर हम लोगों ने खोखरी नदी की पैमाइश की थी, जिसके बाद उसकी साफ-सफाई एवं खोदाई का कार्य शुरू हुआ था। क्षेत्र में जलस्तर की समस्या के लिए नदी का जीर्णोद्धार जरूरी है। कौन लोग खोदाई के कार्यों में बाधा पहुंचा रहे हैं मेरी जानकारी में नहीं है। यदि कोई समस्या आती है तो राजस्व विभाग के स्तर पर उसका निराकरण कराएंगे।