झिंझाना। मोबाइल कंपनियों के नेटवर्क कमजोर रहने से परेशान जिजौला गांव के लोगों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने टेलीकॉम कंपनियों और प्रशासन से जल्द से जल्द गांव में बड़ा मोबाइल टावर लगाने की मांग की है।
गांव में फिलहाल प्राइवेट कंपनी का एक छोटा टावर लगा है, जो सिर्फ एक मोहल्ले को कवर करता है। अन्य कंपनियों का कोई टावर नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शाम होते ही नेटवर्क पूरी तरह फेल हो जाता है, जिससे कॉल और इंटरनेट सेवाएं बंद हो जाती हैं। छात्र नईम, शाहरुख का कहना है कि बोर्ड परीक्षा नजदीक है। मोबाइल में नेटवर्क कमजोर होने के चलते वह अच्छे से पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। किसान भी सरकारी योजनाओं और ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नहीं ले पा रहे। जन सेवा केंद्र संचालकों के काम रुक रहे हैं, जिससे ग्रामीण जरूरी सेवाओं से वंचित हैं। ग्रामीण अब्दुल, शकील ने प्रशासन और टेलीकॉम कंपनियों से गांव में अन्य कंपनियों के टावर लगाने की मांग की।