चौसाना के शामली शामला में ओवरलोड वाहनों को लेकर हंगामा करते ग्रामीण। स्रोत वीडियोग्रेब
चौसाना। शामली-शामला क्षेत्र में शनिवार शाम भूसे से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से नाले की पुलिया टूट गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली भी नाले में धंस गईं। ग्रामीणों ने ओवरलोड वाहनों के विरोध में गांव में सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भारी वाहनों के आवागमन से नाले की पुलिया क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे ग्राम पंचायत को नुकसान हुआ है। हंगामे के दौरान महिलाएं भी मौके पर पहुंचीं और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिलाओं और ग्रामीणों ने बताया कि ट्रॉलियां शामली-शामला स्थित ऊन शुगर मिल के एथेनॉल प्लांट जा रही थीं। उन्होंने शुगर मिल के दूषित पानी को लेकर भी शिकायत की। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से जानकारी ली। मौके पर एथेनॉल प्लांट के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। ऊन शुगर मिल के जीएम कुलदीप पिलानिया ने बताया कि ग्रामीणों से वार्ता हो गई है। पुलिया टूटने से जो नुकसान हुआ है, उसे ठीक करा दिया जाएगा। समझाने पर ग्रामीण मान गए हैं।
इस दौरान सुमित, डॉ. विक्रम, अमित कुमार, पिंटू हलवाई, सेठपाल, शीला देवी, प्रधान पति परवीन कश्यप, मोहित मेहरा, सुमित चौहान, राजन कश्यप और जलसिंह कश्यप आदि मौजूद रहे।