लखनऊ में संदिग्ध आतंकी पकड़े जाने पर जिले में बढ़ी सतर्कता
शामली। लखनऊ में दो संदिग्ध आतंकी पकड़े जाने के बाद जनपद में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस के साथ खुफिया टीमों को भी सतर्क कर दिया गया है। इसकी वजह यह है कि पिछले महीने हुए दरभंगा ब्लास्ट प्रकरण में एनआईए ने कैराना के चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
रविवार को लखनऊ मे यूपी एटीएस की टीम ने दो संदिग्ध आतंकी पकड़े हैं। उनसे पूछताछ में प्रदेश के कई स्थानों पर सीरियल ब्लास्ट करने की साजिश का खुलासा हुआ है। जनपद शामली पहले से ही आतंकी कनेक्शन को लेकर चर्चाओं में रहा है। पिछले महीने 17 जून को हुए दरभंगा पार्सल विस्फोट प्रकरण में की जांच कर रही एनआईए ने 30 जून को हैदराबाद से कैराना के मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी दो भाई नासिर मलिक व इमरान को गिरफ्तार किया। इसके बाद दो जुलाई को कैराना के मोहल्ला आलखुर्द निवासी सलीम टुईया व कफील को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियों ने गिरफ्तार लोगों का आतंकी कनेक्शन होना बताया था।