कैराना। हाईस्कूल परीक्षा में जनपद में दूसरा स्थान पाने वाले एसएन इंटर कालेज कैराना के छात्र उवैश अंसारी ने कस्बे में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उसने 90.66 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कालेज और कस्बे का नाम रोशन किया है।
प्रधानाचार्य रफाकत अली ने बताया कि हाई स्कूल का रिजल्ट 98.33 प्रतिशत और इंटर का 95.67 प्रतिशत रहा। लाला नरसिंह दा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य सुखपाल शर्मा ने बताया कि इंटर का परिणाम 93.48 प्रतिशत रहा जबकि हाई स्कूल का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। हाई स्कूल में मनदीप सैनी ने 86.17 प्रतिशत अंक प्राप्त करके विद्यालय टॉप किया जबकि इंटर में शेखर सैनी ने 79.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करके विद्यालय टॉप किया। स्वामी विवेकानंद पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल कैराना की प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने बताया कि उनके स्कूल का हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा।
श्री दिगंबर जैन कन्या इंटर कालेज में हाई स्कूल का परिणाम 99 प्रतिशत तथा इंटर का परिणाम 96 प्रतिशत रहा। कालेज की प्रधानाचार्या सुधा वर्मा ने बताया कि उनके कालेज में हाई स्कूल में क्रमश आकांशा, असना व शबनम प्रवीण प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही। इंटर में क्रमश: साबिया, बिसमा रानी व आयशा प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही। पब्लिक इंटर कालेज में इंटर विज्ञान वर्ग में 92.53 प्रतिशत, कला वर्ग में 87.11 प्रतिशत व कार्मस वर्ग में 88.8 प्रतिशत छात्रों ने सफलता हासिल की। प्रधानाचार्य अजय बहादुर सिंह ने बताया कि हाई स्कूल में 95.67 प्रतिशत छात्रों ने सफलता हासिल की।