शामली : सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस बीएस चौहान।
- फोटो : SHAMLI
शामली। विकास दुबे एनकाउंटर मामले में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बीएस चौहान के नेतृत्व में आयोग का गठन किया गया है। बीएस चौहान शामली के गांव जसाला के रहने वाले हैं और अक्सर पारिवारिक एवं अन्य कार्यक्रमों में यहां आते रहते हैं।
कांधला क्षेत्र के गांव जसाला निवासी बीएस चौहान 2014 तक सुप्रीम कोर्ट के जज रहे। इसके बाद वह कावेरी जल विवाद ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष तथा भारतीय विधि आयोग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अब उन्हें विकास दुबे एनकाउंटर मामले में गठित आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके भतीजे मनीष चौहान ने बताया कि उन्हें आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी मिल गई है। वह मार्च में ही मेरे छोटे भाई विराट की सगाई समारोह में घर आए थे। इससे पहले फरवरी माह में भी उनका यहां आना हुआ था। वह अक्सर गांव आते रहते हैं तथा परिवार के लगातार संपर्क में हैं। बीएस चौहान, पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह के भाई हैं। उनके दूसरे भाई डॉ. यशवीर सिंह भी केंद्रीय खादी ग्रामोद्योग के चेयरमैन रह चुके हैं।