शामली। शहर के माजरा रोड स्थित हाईटेक अस्पताल में दस दिन पहले प्रसव से पूर्व गर्भवती महिला की मौत के मामले में कार्रवाई न होने से आक्रोशित परिजनों और मोहल्ले के लोगाें ने कलक्ट्रेट पहुंचकर हंगामा किया।
इस दौरान भाकियू के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन पर आरोपी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई न करने के भी आरोप लगाए। एडीएम ने पीड़ित परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
शहर के मोहल्ला बड़ी माता मंदिर मार्ग निवासी चुन्नीलाल की पत्नी अंजू की हाईटेक अस्पताल में 19 सितंबर को मौत हो गई थी। परिजनों ने चिकित्सकों पर गलत उपचार के कारण महिला की मौत होने का आरोप लगाया था। इस मामले में अस्पताल की चिकित्सक किरणप्रीत कौर व स्टाफ के खिलाफ आदर्श मंडी थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रविवार को अस्पताल खोले जाने की सूचना पर परिजनों व मोहल्ले के लोगों ने हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल को बंद करा दिया था।
इसके बाद मृतका के परिजन और मोहल्ले के लोग सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने हंगामा प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस प्रशासन ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई करने के बजाए उन्हें ही धमका रहा है। इस दौरान भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल खाटियान, जिलाध्यक्ष शांता प्रधान ने भी इस मामले में पुलिस व प्रशासन पर कोई कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। मौके पर पहुंचे एडीएम सतेंद्र सिंह ने पीड़ितों से मामले की जानकारी ली और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत होकर घर चले गए।