शामली क्षेत्र के गांव कुडाना बिजली घर खंबे पर चढकर लाइन जोडता युवक
- फोटो : SHAMLI
कुड़ाना के ग्रामीणों का बिजलीघर पर हंगामा
शामली। मंगलवार रात से बिजली गुल होने से गुस्साए कुड़ाना के ग्रामीणों ने बुधवार शाम कुड़ाना बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया। इसके बाद गांव की बिजली चालू हुई।
कुड़ाना के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में तीन दिनों से बिजली का बुरा हाल है। मंगलवार रात 11 बजे 33 केवीए बिजलीघर में लाइन में फाल्ट आने से बिजली नहीं मिली। कुड़ाना, भाजू, चूनसा तीन गांवों की बिजली गुल है। बताया कि बिजलीघर से गांव को आपूर्ति करने वाली एक मशीन में गड़बड़ी बताई जा रही है। बुधवार शाम चार बजे तक भी बिजली आपूर्ति चालू नहीं हुई तो कुड़ाना के ग्रामीणों का पारा चढ़ गया। ग्रामीण एकत्र होकर बिजलीघर पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजलीघर पर आपूर्ति थी, लेकिन गांव को बिजली नहीं मिल रही थी। बिजलीघर पर मौजूद कर्मियों से पूछा गया तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। तेजबीर, नरेंद्र, भारत, आदि ग्रामीणों का आरोप था कि बिजलीघर का फाल्ट सुबह 11 बजे ठीक हो गया था, लेकिन इसके बाद भी गांव की बिजली चालू नहीं की गई। विद्युतकर्मियों का कहना था कि मशीन की ट्राली में गड़बड़ी की वजह से उच्चाधिकारी आपूर्ति चालू नहीं करा रहे। इसी बात को लेकर ग्रामीणों की विद्युत कर्मियों से कहासुनी हुई। ग्रामीणों का कहना था कि कई दिन से बिजली समस्या होने से चारा संकट हो रहा है। खेतों में नलकूप नहीं चल रहे और फसलें सूख रही हैं। ग्रामीणों ने हंगामा कर वहां मौजूद कर्मियों से ट्राली को लगवाकर बिजली आपूर्ति चालू कराई। विद्युतकर्मियों का कहना था कि एक मशीन खराब थी। दूसरे बिजलीघर से पुरानी मशीन की व्यवस्था की गई है।