शामली। नगरपालिका बोर्ड की बैठक में डोर टू डोर कलेक्शन के लिए नागरिकों से यूजर चार्ज और जल मूल्य न लिए जाने का निर्णय लिया गया। पालिका ने कुछ दिन पहले टैक्स वृद्धि का हवाला देते हुए इस बारे में शासन को पत्र भेजकर अवगत कराएगी। इसके बाद अगर शासन से यूजर चार्ज वसूले जाने के निर्देश मिले तो उस पर फिर विचार किया जाएगा। बोर्ड बैठक में सवा पांच करोड़ रुपये से अधिक विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित हुए।
बुुधवार को नगरपालिका सभागार में चेयरपर्सन अंजना बंसल की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित हुई। पालिका के ईओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बैठक में राज्य वित आयोग के 1,52,54,800 रुपये और 14वें वित्त आयोग के 3,74,31,300 रुपये के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुए। बैठक में मुख्य रूप से शासन के निर्देशानुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नागरिकों से यूजर चार्ज लिए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि हाल ही में भवन कर एवं जलकर में वृद्धि के कारण वर्तमान में यूजर चार्ज लेना उचित नहीं होगा। इसके लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। अगर शासन ने यूजर चार्ज वसूले जाने को जरूरी बताया तो इस पर बोर्ड बैठक में फिर विचार किया जाएगा।
बैठक में 2008 से बंद चल रहे जल मूल्य को पुन: लागू करने के प्रस्ताव को चर्चा के बाद बोर्ड ने जल मूल्य लागू न करने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में अधिकारियों को बोर्ड बैठक के निर्णय से अवगत कराया जाएगा। कुछ दिनों पहले तत्कालीन एडीएम आनंद शुक्ल ने पालिका द्वारा शासन के निर्देश के बाद भी जल मूल्य न लिए जाने पर आपत्ति जताई थी, जिस पर बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखने की बात कही गइ थी। बैठक में चार स्थानों काकानगर, गुलशन नगर, विवेक विहार, आर्यपुरी नाला पटरी पर मिनी ट्यूबवेल लगाने और ठेका सफाई कर्मचारियों और कंप्यूटर आपॅरेटर के वेतन में वृद्धि के प्रस्ताव पारित हुए।
पालिका ईओ ने बताया कि बैठक में अन्य विकास कार्यों से संबंधित सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हो गए। बैठक में कुल 29 सभासदों में 25 सभासद मौजूद रहे। इस अवसर पर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आदेश सैनी व राखी यादव, जेई सिविल मूलचंद, लिपिक राकेश कांबोज, अनिल शर्मा, लक्ष्मण सिंह, प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।