शामली। श्रमिक की मौत हो जाने के बाद उसके परिजन शुगर मिल अधिकारियों से मृतक आश्रित में नौकरी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को इस मामले को लेकर भाकियू कार्यकर्ता एवं मिल श्रमिकों ने कार्य बहिष्कार कर जमकर हंगामा किया, लेकिन कोई बात नहीं बन सकी।
मंगलवार को भाकियू ने शुगर मिल के मजदूरों के साथ मिल में धरना दिया। भाकियू नेता विनोद निर्वाल ने बताया कि कई दिन पहले पंसारियान मोहल्ले के शमीम की मिल में कार्य करते हुए मौत हो गई थी।
मिल अधिकारियों ने आश्वासन देने के बाद भी मृतक के परिजनों की कोई सहायता नहीं की। मिल में हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेेकिन समस्या का समाधान न हो सका। मौके पर पहुंचे तहसीलदार राकेश त्यागी, भाकियू नेताओं के साथ मिल अधिकारियों के साथ बातचीत की गई, लेकिन इसमें भी कोई बात नहीं बनी।
शुगर मिल के मैनेजर रघुवंशी ने कहा कि नियमों के खिलाफ कुछ नहीं किया जा सकता है। जिसके बाद तहसीलदार, कोतवाल सतीश राय ने मजदूरों से बात की तो उन्होंने बताया कि पहले भी मृतकों के परिजनों को अतिरिक्त मुआवजा और नौकरी दी गई है।
मजदूरों व भाकियू नेताओं ने कहा कि जब तक मृतक के परिजनों को नौकरी व मुआवजा नही दिया जाता तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान मौके पर
मुख्य रूप से कुलदीप पंवार, हाजी इकराम, जिला पंचायत सदस्य जाहिद, राजवीर मुंडेट, विनोद निर्वाल, जगवीर फौजी, पुष्पेंद्र, बाबा श्याम सिंह, रामनिवास आदि मौजूद रहे।