एडवांस गन्ना डालने पर तौल केंद्र पर हंगामा
कैराना। बिना पर्ची के गन्ना डालने से मना करने पर एक युवक ने तौल लिपिक के साथ मारपीट करते हुए एचएचटी मशीन तोड़ दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ऊन चीनी मिल की ओर से संचालित गन्ना क्रय केंद्र भूरा पर कार्यरत तौल लिपिक फाजिल निवासी गांव पांवटी कला ने रविवार को कैराना कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सुबह को गांव भूरा निवासी एक किसान गन्ना क्रय केंद्र पर बिना पर्ची के गन्ना लेकर आया। पर्ची मांगने पर किसान ने बिना पर्ची के ही एडवांस में गन्ना डालने का दबाव बनाया। गन्ना डालने का विरोध करने पर आरोपी किसान ने गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। किसान ने एचएचटी मशीन तोड़ दी और वहां रखे कागजात फाड़ दिए। जिस कारण क्रय केंद्र पर तौल कार्य बंद हो गया और अन्य किसान भी गन्ना डालने से वंचित रह गए। तौल लिपिक ने बताया कि इससे पूर्व भी दो बार इस तरह की घटना हो चुकी है। मिल प्रबंधन की ओर से क्रय केंद्र को बंद कर दिया गया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तौल लिपिक की तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।