शामली। प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने को लेकर शासन ने लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। इसी के तहत उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) की एक टीम बृहस्पतिवार को शामली पहुंचेगी। टीम डीएम से मिलेगी और संभावित भूमि का निरीक्षण करेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर और शामली जिलों में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए भूमि तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्राधिकरण के अधिकारी मेरठ में परतापुर, बागपत में कलक्ट्रेट के पास, सहारनपुर में रामपुर मनिहारान और शामली में खोड़समा क्षेत्र में भूमि का निरीक्षण कर चुके हैं।
बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले माह एक प्रतिनिधिमंडल जर्मनी, जापान समेत कई देशों का दौरा कर वहां के उद्यमियों को उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित कर चुका है। यूपीसीडा के भूमि अध्याप्ति अधिकारी उमेश शुक्ला ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को शामली पहुंचकर खोड़समा की भूमि को नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए यूपीसीडा को आवंटित करने का प्रस्ताव शासन को भेजने का अनुरोध करेंगे। साथ ही मंसूरा गांव में भी नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए संभावित भूमि का निरीक्षण किया जाएगा।