शामली। जिले में शनिवार और रविवार को होने वाली उप्र पुलिस दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिले को तीन जोन और 11 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों और उनके आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र के अंदर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक के साथ केंद्र प्रभारी इंस्पेक्टर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। केंद्र के बाहर पुलिस अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र व आधार कार्ड आदि की जांच करेगी। इसके बाद अभ्यर्थी की आखों की पुतली, प्रवेश पत्र व आधार कार्ड से फोटो आदि का मिलान होगा। आधार सत्यापन न होने पर अन्य दस्तावेजों से सत्यापन किया जाएगा। अगर दस्तावेजों से भी मिलान या सत्यापन नहीं होता तो उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाएगा। उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। मामूली अंतर होने और जांच में अभ्यर्थी सही पाए जाने पर केंद्र व्यवस्थापक फार्म भरवाकर उसे परीक्षा के लिए अनुमति देंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट और साइबर कैफे आदि दुकानें बंद रहेगी। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट और परीक्षा कक्ष में एआई बेस कैमरे लगाए गए हैं।
परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों के समक्ष खुलेंगे प्रश्नपत्र
एसपी ने बताया कि परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्र ट्रेजरी में डबल लॉक वाले स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखे गए हैं। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले ट्रेजरी से प्रश्नपत्र पुलिस व अधिकारियों की सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों पर भेजा जाएगा। प्रश्नपत्र सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र प्रभारी इंस्पेक्टर तीनों की मौजूदगी में उनके सुपुर्द किए जाएंगे। इसके बाद परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों के समक्ष सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में प्रश्नपत्र खोले जाएंगे।
स्टेशन और बस स्टैंडों पर बनाई गई हेल्प डेस्क, ढाबों-होटलों पर लगेगी रेट लिस्ट
रेलवे स्टेशन व बस स्टैंडों पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है। एसपी ने बताया कि हेल्प डेस्क पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी, जो अभ्यर्थियों को जानकारी उपलब्ध कराएगी ताकि उन्हें इधर-उधर न भटकना पड़े। चौराहों पर पुलिसकर्मियों के साथ यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी। प्रश्नपत्र केंद्रों तक पहुंचाने के दौरान वाहन को निकलने में किसी तरह की बाधा न हो सके। इसके अलावा होटल-ढाबों पर खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट चस्पा की जाएगी ताकि रेट को लेकर किसी तरह के विवाद की स्थिति न बन सके।