शामली। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर के विद्यार्थियों के लिए अंक सुधार की परीक्षा शनिवार को शुरू होगी। इसके लिए केंद्रों पर तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों ने कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया। केंद्रों पर सोशल डिस्टेंस के साथ सीटिंग प्लान कर स्लिप चस्पा कर दी गई है। परीक्षा कक्षों को सैनिटाइज कराया गया।
यूपी बोर्ड का हाईस्कूल व इंटर का रिजल्ट 31 जुलाई को घोषित हुआ था। कोरोना की वजह से इस बार बोर्ड परीक्षा नहीं हुई थी। बोर्ड ने सभी विद्यार्थियों को प्रोन्नत कर दिया था। घोषित रिजल्ट को लेकर असंतुष्ट छात्रों के लिए बोर्ड ने परीक्षाफल में प्राप्त अंक व परिणाम में सुधार हेतु एक या एक से अधिक विषयों में विद्यार्थियों को परीक्षा देने का मौका दिया है। परीक्षा देने के इच्छुक विद्यार्थियों से 29 अगस्त तक आवेदन पत्र जमा कराए गए थे। जिले में हाईस्कूल के 566 और इंटर के 594 विद्यार्थियों समेत कुल 1160 ने अंक सुधार परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है। परीक्षा के लिए जिले में नौ केंद्र बनाए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि यूूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की अंक सुुुधार परीक्षा शनिवार से शुरू होगी। शनिवार को पहले दिन सभी नौ केंद्रों पर पहली पाली में हाईस्कूल का हिंदी व दूसरी पाली में इंटर हिंदी की परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह आठ बजे से सवा 10 बजे तक और दूसरी पाली का समय दोपहर दो बजे से सवा चार बजे तक है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा होगी। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए एक जोनल, पांच सेक्टर व 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति और एक सचल दल का गठन किया गया है। शुक्रवार को केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों ने कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया। सोशल डिस्टेंस के साथ सीटिंग प्लान बनाकर स्लिप चस्पा कर दी गई है। परीक्षा कक्षों को सैनिटाइज करा दिया गया है। कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा छह अक्तूबर तक चलेगी।
-----
जिले में इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
- राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज शामली।
- हिंदू कन्या इंटर कालेज शामली।
- श्री चंदनलाल नेेशनल इंटर कालेज कांधला।
- राजकीय कन्या इंटर कालेज कांधला।
- एलएलआर इंटर कालेज थानाभवन।
- किसान इंटर कालेज थानाभवन।
- डीएवी इंटर कालेज ऊन।
- आरएसएस इंटर कालेज झिंझाना।
- पब्लिक इंटर कालेज कैराना।